किशनगंज सदर थाना परिसर में कांस्टेबल की मौत, भागलपुर निवासी समीर कुमार की गई जान
रिपोर्ट: चमन अली
किशनगंज। किशनगंज के सदर थाना परिसर में सोमवार सुबह एक पुलिस कांस्टेबल की मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर निवासी समीर कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह किशनगंज सदर थाना में तैनात थे।
सुबह 8:15 बजे हुई घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:15 बजे समीर कुमार की मौत हुई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना से पहले कांस्टेबल ने अपने परिवार के सदस्यों से फोन पर बातचीत की थी। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
2015 में हुई थी पहली पोस्टिंग
जानकारी के मुताबिक, समीर कुमार की पहली पोस्टिंग वर्ष 2015 में समस्तीपुर जिले में हुई थी। इसके बाद उनका तबादला मधुबनी जिले में कर दिया गया, जहां वे वर्ष 2025 तक तैनात रहे। अगस्त 2025 में वे किशनगंज आए थे। शुरुआत में उनकी तैनाती पुलिस लाइन में थी। बाद में उन्हें टाउन थाना में डायल 112 की जिम्मेदारी दी गई थी।
एफएसएल टीम करेगी जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की विशेष टीम को बुलाया गया है। मृतक के शव को किशनगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। सूचना मिलने के बाद भागलपुर से उनके परिजन किशनगंज के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
बाइट: एसडीपीओ खिसरू सिराज
Rahui, Nalanda | Oct 12, 2026