महिला हितैषी ग्राम पंचायत थीम के अंतर्गत राष्ट्रीय टीम ने ग्राम पंचायत खड़गवां का दौरा कर विभिन्न गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान टीम ने महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, आजीविका, सामाजिक भागीदारी एवं आर्थिक स्वावलंबन से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण की शुरुआत ग्राम पंचायत खड़गवां के बैठक कक्ष में आयोजित बैठक से हुई। बैठक में पंच, सरपंच, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य मितानिन एवं संबंधित विभागों के प्रमुख उपस्थित रहे। इस दौरान महिला हितैषी ग्राम पंचायत की अवधारणा, उसके क्रियान्वयन तथा महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। इसके बाद राष्ट्रीय टीम ने अटल डिजिटल सेवा केंद्र (CSC) का निरीक्षण किया। यहां केंद्र की प्रभारी श्रीमती रीना गुप्ता से चर्चा कर अभिलेखों का अवलोकन किया गया तथा लोक सेवा केंद्र के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की गई।
#chhattisgarh #mcbdistrict