हीरापुर की घाटियों में DDM बस और कार की भिड़ंत, कार हुई क्षतिग्रस्त
दमोह-छतरपुर मार्ग पर सुबह करीब 8:15 बजे हुआ हादसा, दोनों वाहनों में सवार सभी यात्री सुरक्षित
विनोद कुमार जैन
बकस्वाहा संवाददाता।
बकस्वाहा। बकस्वाहा-छतरपुर मार्ग पर सोमवार सुबह हीरापुर की घाटियों के पास DDM यात्री बस और सामने से आ रही कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, दमोह से छतरपुर के बीच संचालित DDM बस सर्विस की बस क्रमांक MP16 Z 2208 सुबह करीब 5:30 बजे दमोह से रवाना होती है और लगभग 7:30 बजे बकस्वाहा पहुंचती है। सोमवार को भी बस अपने निर्धारित मार्ग से छतरपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 8:15 बजे हीरापुर से लगभग 4-5 किलोमीटर पहले स्थित हीरापुर की घाटियों में सामने से आ रही कार क्रमांक CG04 HT 8777 से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के कारण कार के एक तरफ के हिस्से में नुकसान पहुंचा और कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। गनीमत रही कि दोनों वाहनों में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।