घर के गेट में छोड़ रखा था करंट…
मजदूर की मौत के बाद मकान मालिक वासुदेव पर गैर-इरादतन हत्या का पर्चा दर्ज
फरीदाबाद के सेक्टर-55 से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम एक मकान के गेट पर ऐसा करंट दौड़ा कि काम कर रहे मजदूर की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि उसी गेट के पास एक बंदर भी मृत मिला, जिससे करंट लगने की आशंका और मजबूत हो गई है।
मृतक की पहचान रूपराम (65) निवासी खगी महौल्ला गाँव गोंछी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रूपराम सेक्टर-55 में ठेकेदार संजय के अधीन कम्युनिटी सेंटर के पास एक मकान (नंबर 65) के बाहर टाइल लगाने का काम कर रहे थे. शाम करीब 4:30 बजे ठेकेदार पानी लेने गया था। इसी दौरान उसने फोन कर परिवार को सूचना दी कि रूपराम की तबीयत खराब हो गई है।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो रूपराम मकान नंबर-65 के गेट के पास गिरे पड़े थे। गेट के दूसरी ओर एक बंदर भी मृत अवस्था में पड़ा मिला। आरोप है कि गेट के पास बिजली की नंगी तार गुजर रही थी और गेट में करंट आने के कारण ही दोनों की मौत हुई।
परिजनों ने मकान मालिक वासुदेव और ठेकेदार संजय पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिजली व्यवस्था सुरक्षित होती तो यह हादसा नहीं होता और एक गरीब मजदूर की जान बच सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे नरेश की शिकायत पर धारा 106 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर मौत के सही कारणों का पता लगाने में जुटी है।