मधेपुरा में पति की करंट लगाकर हत्या का आरोप, पत्नी गिरफ्तार; शव दरवाजे पर रखकर हादसा दिखाने की कोशिश
मधेपुरा जिले में पति की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला ने पति को करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया और वारदात को छिपाने के लिए शव को घर के दरवाजे पर रख दिया, ताकि मामला सामान्य मौत या हादसा लगे। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
मामला बिहारीगंज थाना क्षेत्र की सरौनी कला पंचायत के वार्ड नंबर 9 का है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय नंदकिशोर मुखिया के रूप में हुई है। उसके पिता ठाकुर मुखिया के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मृतक की पत्नी गुंजन कुमारी के रूप में हुई है। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गुंजन ने पति की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि नंदकिशोर शराब पीने का आदी था और अक्सर नशे की हालत में घर लौटकर उसके साथ मारपीट तथा दुर्व्यवहार करता था। महिला का दावा है कि शादी के बाद से ही वह पति की प्रताड़ना से परेशान थी।
पुलिस की जांच के मुताबिक, मंगलवार रात नंदकिशोर शराब पीकर मेला देखने गया था। रात करीब एक बजे घर लौटने के बाद वह दरवाजे पर अपने पिता के पास सो गया। इसके बाद तड़के करीब तीन बजे उसकी पत्नी उसे उठाकर घर के अंदर ले गई।
Bihar, India | Nov 13, 2026