शॉर्ट सर्किट से झोपड़ियों में लगी भीषण आग, 15 से 20 लाख का सामान जलकर राख
मुरैना। जिले के पहाड़गढ़ ब्लॉक के ग्राम गुजरना में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे शॉर्ट सर्किट से झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। हादसे के समय परिवार के सदस्य खेत में काम कर रहे थे। आग में खाद, बीज, चार पहिया वाहन, मोटरसाइकिल और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार करीब 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। एसडीओपी कैलारस ने बताया कि आग बुझा दी गई है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।