100वें संडे ऑन साइकिल पर शिमला में गूंजा ओलंपिक का संकल्प, डीजीपी अशोक तिवारी ने दिखाई हरी झंडी
46 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, खेलों के जरिए चिट्टामुक्त हिमाचल बनाने और युवाओं को नशे से दूर रखने का दिया संदेश
शिमला: भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने और भविष्य में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के संकल्प के साथ फिट इंडिया के 100वें संडे ऑन साइकिल का आयोजन शिमला में किया गया। इस विशेष अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने द ग्लाइड इन पैराग्लाइडिंग एंड एडवेंचर रिजॉर्ट में साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में 46 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर फिटनेस और खेल भावना का परिचय दिया। इनमें 15 पुलिस कर्मचारी भी शामिल रहे। प्रतिभागियों ने 10 और 30 किलोमीटर की साइकिलिंग श्रेणियों में अपनी प्रतिभा दिखाई। आयोजन के माध्यम से फिटनेस, खेल संस्कृति और स्वस्थ समाज का संदेश देने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने का आह्वान किया गया।
इस दौरान 'सीडब्ल्यूजी की तैयारी है, पर अब ओलंपिक्स की बारी है' का नारा भी दिया गया। आयोजन को ओलंपिक के तीन मूल्यों उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता को समर्पित किया गया।
डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि खेल और फिटनेस संबंधी गतिविधियां युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रभावी माध्यम हैं। खेलों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संचार होता है। उन्होंने चिट्टामुक्त हिमाचल बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में 30 किलोमीटर अंडर-18 बालक वर्ग में प्रज्ज्वल चौहान ने पहला स्थान हासिल किया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अतुल कुमार और 35 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में कृष्ण वेंदेरा विजेता रहे। बालिका ओपन वर्ग में सुरभि ठाकुर ने बाजी मारी। वहीं, पुलिस बल की 10 किलोमीटर पुरुष श्रेणी में विक्रम सिंह और महिला श्रेणी में सानिया प्रथम रहीं।
माय भारत शिमला के उप निदेशक विपिन कुमार ने बताया कि दिसंबर 2024 में शुरू हुई संडे ऑन साइकिल पहल अब देशव्यापी जन आंदोलन बन चुकी है। इसके 100 संस्करणों के दौरान देशभर के 35 हजार से अधिक स्थानों पर 40 लाख से ज्यादा लोग इसमें भाग ले चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट भूपिंदर सिंह ने विजेताओं को सम्मानित किया। हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड ने भी प्रस्तुति दी। आयोजन को सफल बनाने में द ग्लाइड इन के सीईओ अरुण रावत का सहयोग रहा।