श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, हवन-शांति पाठ के साथ हुआ सुंदरकांड, महिलाओं के भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल, सहस्त्रधारा अभिषेक व ध्वजा स्थापना संपन्न
भीलवाड़ा/शाहपुरा: सुभाष व्यास
शाहपुरा। कालिंजरी गेट रोड स्थित पुराने जनाना अस्पताल के पास, अन्नपूर्णा माताजी मंदिर के सामने स्थित श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार महोत्सव के तहत शनिवार और रविवार को धार्मिक आस्था का उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं शांति पाठ, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन और रविवार को भगवान श्री नर्मदेश्वर महादेव के सहस्त्रधारा अभिषेक सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न हुए।
शनिवार को मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन एवं शांति पाठ आयोजित किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। इससे पूर्व श्री मंगलेश्वर महादेव मंडली के तत्वावधान में सुंदरकांड पाठ हुआ। प्रभु श्रीराम और भगवान भोलेनाथ के जयघोषों तथा भजनों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक अन्नपूर्णा माताजी भजन मंडली की महिलाओं ने सुमधुर भजनों एवं संकीर्तन की प्रस्तुति दी। शिव एवं देवी-देवताओं की महिमा का गुणगान करते हुए भजन मंडली ने ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
रविवार प्रातः भगवान श्री नर्मदेश्वर महादेव का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य सहस्त्रधारा अभिषेक किया गया। इसके उपरांत मंदिर शिखर पर कलश एवं ध्वजा स्थापना का शुभ कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। सभी धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
मंदिर समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीर्णोद्धार महोत्सव के दौरान क्षेत्रवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से मंदिर परिसर लगातार श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।