डीएम-एसपी ने कुठौंद में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
पीएचसी में 249 मरीजों का पंजीकरण, दवाओं की उपलब्धता मिली; आईजीआरएस में कोई प्रकरण डिफॉल्टर नहीं
उरई (जालौन)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने शनिवार को विकास खंड कुठौंद क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय पशु चिकित्सालय एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र तथा विकास खंड कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आमजन को बेहतर और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में पंजीकरण काउंटर पर 249 मरीजों का पंजीकरण पाया गया। दवा वितरण व्यवस्था संतोषजनक रही और स्नेक बाइट व रेबीज की आवश्यक औषधियां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिलीं। जिलाधिकारी ने जीवनरक्षक दवाओं को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने तथा उनकी उपलब्धता व वैधता की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। प्रयोगशाला में सैंपल और अभिलेख व्यवस्थित मिले। उन्होंने जांच रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने तथा प्रसव कक्ष को आवश्यक उपकरणों और दवाओं से हमेशा तैयार रखने के निर्देश दिए।
राजकीय पशु चिकित्सालय में निरीक्षण के दिन छह पशुओं का उपचार किया गया। औषधि स्टॉक का मिलान संतोषजनक मिला। जिलाधिकारी ने पशुपालकों के नाम-पते के साथ मोबाइल नंबर दर्ज करने, कृत्रिम गर्भाधान व सेक्स-सॉर्टेड सीमन के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आंकड़े अद्यतन रखने के निर्देश दिए। वर्षा ऋतु को देखते हुए पशुओं में मौसमी व संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष टीकाकरण और निगरानी बढ़ाने को भी कहा।
विकास खंड कार्यालय के आईजीआरएस पटल की समीक्षा में कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर नहीं मिला। कंप्यूटर ऑपरेटर का करीब छह माह से मानदेय लंबित होने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए। स्थापना पटल पर कर्मचारियों की जीपीएफ पासबुक और अभिलेख अद्यतन व सुव्यवस्थित मिले। बेहतर रख-रखाव पर कर्मचारियों की सराहना करते हुए बीडीओ को प्रशंसा पत्र देने की कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी संस्थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर सेवाएं देना प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिस अधीक्षक ने भी अधिकारियों-कर्मचारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए।
Orai, Jalaun | Aug 22, 2026