बदलाव की कहानी
==
जोखिम की पहले पहचान, समय पर उपचार-आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से बदली तस्वीर
==
प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप गांव के करीब पहुंची व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं
===
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की परिकल्पना के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के करीब लाने और बीमारी के उपचार के साथ उसकी रोकथाम एवं समय पर पहचान पर जोर देने की दिशा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में बदलाव का माध्यम बने हैं। आयुष्मान भारत के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों को विकसित कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्वरूप दिया गया, जिससे गांव के नजदीक व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है।
समाज में बदलती जीवनशैली के साथ ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी गैर-संचारी बीमारियों का जोखिम बढ़ रहा है। अब केवल मरीज के स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का इंतजार नहीं, बल्कि जोखिम वाले व्यक्ति तक पहुंचकर बीमारी की पहले ही पहचान पर खास ध्यान रखा जा रहा है। समुदाय आधारित स्वास्थ्य मूल्यांकन प्रपत्र के माध्यम से जीवनशैली एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर जोखिम का आ ऑकलन किया जाता है। दमोह में अब तक 5 लाख 31 हजार से अधिक लोगों की ब्लड प्रेशर जांच में लगभग 21 प्रतिशत में समस्या, जबकि डायबिटीज जांच में लगभग 8 प्रतिशत लोगों में शुरुआती संकेत मिले हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा अब ब्लड प्रेशर और डायबिटीज तक सीमित नहीं है। कैंसर, फैटी लिवर सहित अन्य गैर-संचारी रोगों के जोखिम की पहचान, आवश्यक जांच, उपचार, परामर्श और फॉलोअप को भी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा गया है। बीमारी गंभीर होने के बाद उपचार के बजाय उसके जोखिम और शुरुआती संकेतों पर पहले से ध्यान दिया जा रहा है।
दमोह जिले में 179 उप-स्वास्थ्य केन्द्र एवं 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आयुष्मान आरोग्य मंदिर उन्नत एवं एकरूप स्वरूप में विकसित किए गए है। उपस्वास्थ्य केन्द्र स्तरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रशिक्षित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर के माध्यम से मातृ एवं प्रजनन स्वास्थ्य, नवजात-शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संचारी एवं गैर-संचारी रोग, टीबी-कुष्ठ, नेत्र-ईएनटी, मौखिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, वृद्ध एवं पेलिएटिव केयर तथा आपातकालीन सेवाओं सहित 12 प्रकार की व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। टेलीमेडिसिन के माध्यम से चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों से परामर्श एवं जीवन रक्षक औषधियाँ भी जरूरत अनुसार उपलब्ध करायी जाती हैं।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी बदलाव की तस्वीर है जहां बीमारी बढ़ने का इंतजार नहीं बल्कि जोखिम को पहले पहचान कर लोगों को स्वस्थ जीवन की दिशा में समय रहते आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है ।
4 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026