हिनौती में जुआ कार्रवाई के बाद मौत पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस नेता वीरेंद्र दवे ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस पर मारपीट का लगाया आरोप, रिटायर्ड जज से जांच और परिजनों को 50 लाख सहायता देने की मांग
दमोह कांग्रेस कार्यालय में शनिवार शाम कांग्रेस नेता वीरेंद्र दवे ने पत्रकार वार्ता कर हिनौती में जुआ कार्रवाई के बाद शिवसिंह की मौत के मामले को उठाया। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिजनों के अनुसार मृतक हार्ट का मरीज था और पुलिस गिरफ्त में उसके साथ मारपीट के बाद सदमे से मौत हुई। उन्होंने जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
दवे ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को थी तो गिरफ्तार व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए थी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा मारपीट के आरोप नकारने और पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच कर एएसपी को जांच सौंपने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि पुलिस की जांच के बजाय रिटायर्ड जज या सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाए। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने और परिजनों को 50 लाख रुपए सहायता देने की मांग की।
Damoh, Damoh | Sep 27, 2026