मुजफ्फरपुर हादसे के बाद जमुई में हाई अलर्ट, अस्पतालों और होटलों का हुआ फायर ऑडिट
जमुई। मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुई अग्निकांड की घटना के बाद जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला पदाधिकारी नवीन के निर्देश पर शनिवार को जिले के विभिन्न अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और होटलों में विशेष फायर ऑडिट अभियान चलाया गया।
जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने होटल नीरज इंटरनेशनल, होटल मनोज पैलेस, जमुई चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहट तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर समेत कई संस्थानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्निशामक यंत्रों की वैधता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की गई। साथ ही संबंधित प्रबंधकों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि आम लोगों और मरीजों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में फायर सेफ्टी जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यदि किसी होटल, अस्पताल या व्यावसायिक प्रतिष्ठान में अग्निशमन नियमों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संस्थानों से सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को समय रहते रोका जा सके।
Jamui, Jamui | Jun 7, 2026