*छात्राओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, खेल सुविधाएं विकसित करने के दिए निर्देश*
जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग ने आज कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, शिवरामपुर का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक, आवासीय एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं द्वारा बैंड की धुन पर जिलाधिकारी का स्वागत किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा संख्या-6 एवं कक्षा संख्या-9 में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई, आवासीय व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। छात्राओं ने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से भोजन व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए पूछा कि उन्हें मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है अथवा नहीं। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण एवं अच्छा भोजन उपलब्ध कराया जाता है। जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा रसोईघर में साफ-सफाई की व्यवस्था हर समय दुरुस्त रखी जाए। प्रधानाचार्य ने बताया कि विशेष अवसरों एवं त्योहारों पर छात्राओं के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था की जाती है।
जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण करते हुए छात्राओं से एलसीडी के उपयोग के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं ने बताया कि एलसीडी के माध्यम से नियमित रूप से शिक्षण कार्य कराया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न हुनरों से भी जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि एक जनपद एक उत्पाद की तर्ज पर छात्राओं की रुचि के अनुरूप कौशल विकास एवं हस्तशिल्प जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए, ताकि उनमें आत्मनिर्भरता एवं रोजगारपरक हुनर विकसित हो सके।
उन्होंने विद्यालय परिसर में बैडमिंटन एवं वॉलीबाल कोर्ट विकसित कराने के निर्देश दिए, जिससे छात्राओं को खेल एवं व्यायाम के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके पश्चात उन्होंने कंप्यूटर लैब एवं ओपन जिम का निरीक्षण किया। ओपन जिम परिसर में पानी एकत्रित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाडा के अंतर्गत इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाए, जिससे जलभराव की समस्या समाप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने छात्रावास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कमरों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए प्रधानाचार्य को निर्देश दिए कि कमरों में क्रीम कलर से पेंटिंग कराई जाए, जिससे परिसर में स्वच्छता एवं बेहतर प्रकाश व्यवस्था का अनुभव हो। उन्होंने छात्रावास के बाथरूम का निरीक्षण कर नियमित रूप से साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
*इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कॉमन हॉल में छात्राओं के साथ बैठकर श्री अन्न का पूजा-अर्चना के बाद भोजन किया तथा छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा जिलाधिकारी को राखी भी बांधी गई।*
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रंजना शुक्ला सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।