डीडवाना में राष्ट्रनायक वीरवर दुर्गादास राठौड़ की 388वीं जयंती धूमधाम से मनाई
प्रतिमा व स्मारक का हुआ अनावरण, अत्याधुनिक भवन का शिलान्यास मेधावी छात्र व भामाशाह सम्मानित
डीडवाना।हिम्मत छात्रावास मैनेजिंग कमेटी एवं राजपूत सभा के संयुक्त तत्वावधान में हिम्मत राजपूत छात्रावास प्रांगण में राष्ट्रनायक वीरवर दुर्गादास राठौड़ की 388 वीं जयंती हर्षोल्लास व समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में समाज बंधु पारंपरिक परिधानों में शामिल हुए और वीर दुर्गादास राठौड़ के चित्र व प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी उपस्थित रहे। मंच पर जितेंद्र सिंह जोधा, ठाकुर करणी सिंह एवं श्याम प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि भी विराजमान रहे।समारोह के दौरान अतिथियों ने वीरवर दुर्गादास राठौड़ की भव्य प्रतिमा एवं स्मारक का अनावरण किया। इसके साथ ही छात्रावास परिसर के प्रथम तल पर बनने वाले अत्याधुनिक भवन का विधिवत शिलान्यास किया गया। अतिथियों ने परिसर में निर्माणाधीन मां जगदंबा मंदिर का अवलोकन भी किया।आयोजन समिति के अध्यक्ष भँवर सिंह कोनियाड़ा, महासचिव जीवराज सिंह देवराठी एवं कोषाध्यक्ष राजेन्द्र पाल सिंह दूदौली ने बताया कि समारोह में शैक्षणिक व प्रशासनिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का अभिनंदन किया गया। इसमें 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों, नीट आईआईटी में चयनित युवाओं और विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं संस्था के विकास में निरंतर योगदान देने वाले भामाशाहों को प्रशस्ति पत्र सौंपकर आभार जताया गया।समारोह में डीडवाना डीएसपी जेठूसिंह का जयपुर स्थानांतरण होने पर उनका विशेष सम्मान किया गया। वहीं भरतसिंह की टीम द्वारा मुख्य अतिथि राजेन्द्र सिंह राठौड़ को महाराणा प्रताप का चित्र भेंट कर अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने वीर दुर्गादास राठौड़ के त्यागमय जीवन, स्वामीभक्ति और अदम्य साहस पर प्रकाश डालते हुए युवा पीढ़ी से उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
Didwana, Nagaur | Aug 13, 2026