जिला कलक्टर ने की जिले के शहरी निकायों के कार्यों व योजनाओं की समीक्षा
आमजन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के दिये निर्देश
डीडवाना-कुचामन, 14 अगस्त।
जिले के नगरीय निकायों के कार्यों व योजनाओं की समीक्षा बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन, लंबित पट्टा पत्रावलियों, मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना, शहरी सेवा शिविर, संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों सहित विभिन्न कार्यों व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में आमजन से जुड़ी समस्याओं यथा साफ- सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाईट की समस्या, आवरा पशुओं की रोकथाम तथा जलभराव को रोकने के लिए निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने निकायवार कार्यों व योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में मॉनिटरिंग करने, शहरी क्षेत्रों में बस स्टैंड सहित प्रमुख चौराहों व सर्किल पर पर्याप्त सफाई व लाईट की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने अन्नपूर्णा रसोई के संचालन की स्थिति, जल संचय जन भागीदारी अभियान के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक कार्य प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार सहित सभी शहरी निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Didwana, Nagaur | Aug 14, 2026