✅ न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह के तहत दिव्यांगजनों को उनके विधिक अधिकारों एवं निशुल्क विधिक सहायता के संबंध में किया जागरूक
✅ समानता, सम्मान, गरिमापूर्ण जीवन एवं शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष श्री अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में 14 से 20 नवम्बर तक आयोजित किये जा रहे ‘‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के पंचम दिवस 18 नवम्बर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा द्वारा दिव्यांग बालक छात्रावास, अबगांव कला में दिव्यांगजनों के विधिक अधिकारों एवं निशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला न्यायाधीश व सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी ने उपस्थित दिव्यांग बालकों को उनके विधिक अधिकारों, विधिक संरक्षण एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की। उन्होने बताया कि दिव्यांगजनों को समानता, सम्मान एवं गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार प्राप्त है तथा उनके अधिकारों का संरक्षण करने तथा न्याय तक उनकी सुगम और समान पंहुच सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न कानूनी प्रावधान किए गए है। साथ ही दिव्यांगजनों को उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके हितार्थ बनाए गए कानूनों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सौरभ कुमार दुबे ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध विधिक सहायता एवं विधिक सेवाओं की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि पात्र दिव्यांगजन अपनी व्यक्तिगत एवं विधिक समस्याओं के निराकरण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर निशुल्क विधिक परामर्श एवं सहायता प्राप्त कर सकते है। इसके अतिरिक्त आवश्यकता के अनुरूप संबंधित शासकीय विभागों एवं प्राधिकरणों से समन्वय स्थापित कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब कराने के संबंध में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के साथ ही दिव्यांग बालकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम चित्रकला, गायन, नाटक, देशभक्ति गीत, नृत्य, रंगोली, पोस्टर मेकिंग एवं पेन्टिंग आदि प्रतियोगिताऐं आयोजित करवाई गई। प्रतियोगिताओं में दिव्यांग बालकों द्वारा उत्साह के साथ बढ़ चढ़कर भाग लिया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके विधिक अधिकारों, कानूनी संरक्षण एवं शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समावेशी, सुलभ एवं समान न्याय की अवधारणा को प्रभाव रूप से साकार करना रहा। शिविर में छात्रावास के कुल 23 दिव्यांग बालक, छात्रावास के वार्डन, अन्य स्टॉफ, पैरालीगल वॉलेंटियर रेनू शिंदे उपस्थित रहे। शिविर उपरांत दिव्यांग छात्रों को स्वल्पाहार एवं लेखन सामग्री का वितरण भी किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh
#Harda #हरदा
Harda, Madhya Pradesh | Nov 18, 2026