#मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत कैंप आयोजित, 400 आवेदकों ने लिया भाग
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों के क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का आयोजन उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, शाहजहांपुर की देखरेख में किया गया।
कैंप में जनपद के लगभग 400 आवेदकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उपस्थित आवेदनकर्ताओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों द्वारा योजना के उद्देश्य, पात्रता, ऋण सुविधा तथा आवेदन प्रक्रिया के संबंध में आवेदकों को आवश्यक जानकारी दी गई।कैंप में इच्छुक आवेदकों को ऋण प्राप्त करने के लिए निःशुल्क ऑनलाइन काउंसिलिंग एवं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराते हुए उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।कैंप में प्राप्त आवेदनों एवं पंजीकरण के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया।