शिक्षक दिवस पर मनीषी ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन ने शिक्षकों को किया सम्मानित
शाहजहांपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मनीषी ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की ओर से रोशनगंज स्थित एसोसिएशन कार्यालय पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मिहिर फिलिप्स, प्रधानाचार्य ए.बी. रिच. इंटर कॉलेज, शाहजहांपुर एवं सुरेंद्र पाल बामनिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी, शाहजहांपुर को शॉल ओढ़ाकर एवं सम्मान प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में एसोसिएशन के महासचिव डॉ. पुनीत मनीषी, सचिव डॉ. गौरव कौशल एवं संरक्षक ओमकार मनीषी ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रमाण-पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए ओमकार मनीषी ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषय का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माण भी करते हैं। शिक्षक समाज के ऐसे मार्गदर्शक हैं, जिनके संस्कार और शिक्षाएं विद्यार्थी जीवनभर अपने साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल दोनों ही अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता के विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
सम्मानित शिक्षक एवं मुख्य अतिथि मिहिर फिलिप्स ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक दिवस शिक्षकों के सम्मान के साथ-साथ उनके दायित्वों को याद करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। उन्होंने मनीषी ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा शिक्षकों के सम्मान के लिए किए गए इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को बढ़ावा देना आज की आवश्यकता है।
वहीं सम्मानित अतिथि सुरेंद्र पाल बामनिया, जिला क्रीड़ा अधिकारी, शाहजहांपुर ने अपने संबोधन में खेलों से जुड़े अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि खेल ने उन्हें अनुशासन, संघर्ष, धैर्य और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर ढंग से जीने की कला सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं एवं विद्यार्थियों से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एसोसिएशन के महासचिव डॉ. पुनीत मनीषी ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं। शिक्षक के मार्गदर्शन से ही विद्यार्थी अपने लक्ष्य को पहचानकर उसे प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मनीषी ताइक्वांडो वेलफेयर एसोसिएशन सदैव शिक्षा, खेल, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान करना एसोसिएशन के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके योगदान को याद किया। समारोह में नेहा मनीषी, उर्वशी श्रीवास्तव, अविका श्रीवास्तव मनीषी, अलकमा, खुशबू, शिवानी, किरन, गौरव भंडारी, उम्मेहानि, महक रामसा, हुमा नाज,मो. शोयब अंसारी सहित एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन शिक्षकों के प्रति आभार एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।