#बालाघाट
युवा आपदा मित्रों को दिया गया सात दिवसीय प्रशिक्षण
प्रशिक्षणार्थियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक राहत एवं बचाव कार्यों का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग भोपाल तथा होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मुख्यालय भोपाल के दिशा-निर्देशों के तहत युवा आपदा मित्र योजना अंतर्गत आपदा मित्र स्वयंसेवियों का सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। 29 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक मॉयल सामुदायिक भवन, उकवा में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले में विभिन्न आपदाओं के समय प्राथमिक राहत एवं बचाव कार्यों में आपदा मित्रों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
जिला सेनानी एल.के. उद्दे के मार्गदर्शन में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान आपदा मित्र स्वयंसेवियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने की जानकारी के साथ डेमो एवं प्रायोगिक अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षण में स्वयंसेवियों को आपदा की स्थिति में तत्परता, प्राथमिक राहत, बचाव कार्य तथा फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि अमित कुमार, इंस्पेक्टर सीआरपीएफ एवं भूतपूर्व एनडीआरएफ 5वीं बटालियन पुणे के प्रशिक्षक (ToT, MoT) तथा विशिष्ट अतिथि जिला सेनानी ललित कुमार उद्दे उपस्थित रहे। पुलिस चौकी उकवा का स्टाफ भी कार्यक्रम में मौजूद रहा।
मुख्य अतिथि अमित कुमार ने आपदा प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षणार्थियों को सेवा, अनुशासन और तत्परता के साथ फर्स्ट रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आपदा के शुरुआती समय में प्रशिक्षित स्वयंसेवियों की भूमिका राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण होती है।
समापन दिवस के प्रथम एवं द्वितीय सत्र में विशाल राहंगडाले, सीडी मास्टर ट्रेनर ने हॉट वेव एवं कोल्ड वेव के दौरान आवश्यक बचाव, पूर्व तैयारी एवं सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद आपदा मित्र स्वयंसेवियों को किट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा प्रशिक्षण के संबंध में उनका फीडबैक लिया गया। अंत में जिला सेनानी द्वारा आभार व्यक्त करते हुए सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया।
#आपदा_प्रबंधन
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #mohdep #MpSdrf #NDRFHQ