केलाखेड़ा उधम सिंह नगर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सतर्कता के निर्देश
बाजपुर क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार ने थाना केलाखेड़ा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में रखे असलहों की जांच की और पुलिसकर्मियों को उनके सुरक्षित रखरखाव एवं सही इस्तेमाल के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सतर्क रहने, गश्त बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार ने थाने में उपलब्ध पुलिस के असलहों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने उपनिरीक्षकों को हथियारों की सुरक्षा, रखरखाव और उनके सही इस्तेमाल के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
सीओ ने बताया कि क्षेत्र के सभी थानों में अर्धवार्षिक निरीक्षण की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को देखते हुए थाना प्रभारियों को निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
अब पुलिस के सामने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है
Bajpur, Udham Singh Nagar | Oct 15, 2026