गणेश घाटी में पाइपलाइन लीकेज से बह रहा हजारों लीटर पानी, तीन घंटे से मौके पर डटे पार्षद प्रतीक नागर; स्मार्ट सिटी कर्मचारियों की सुस्ती पर जताई नाराजगी
उदयपुर। शहर के गणेश घाटी क्षेत्र में मुख्य पेयजल पाइपलाइन में लीकेज के कारण प्रतिदिन हजारों लीटर कीमती पानी व्यर्थ बह रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के सक्रिय पार्षद प्रतीक नागर खुद मोर्चा संभाले हुए हैं और बुधवार को करीब तीन घंटे तक मौके पर ही डटे रहे। उन्होंने स्मार्ट सिटी और संबंधित विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली व देरी पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।
लगातार फॉलोअप के बाद भी बड़ी लाइन का रिसाव जारी पार्षद प्रतीक नागर ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से पाइपलाइन लीकेज की समस्या बनी हुई थी, जिससे सड़कों पर पानी बह रहा था। उनके लगातार फॉलोअप और प्रयासों के बाद कुछ छोटे लीकेज तो दुरुस्त कर दिए गए, लेकिन एक बड़ी पाइपलाइन से पानी का रिसाव अब भी निरंतर जारी है। इससे एक तरफ शहर का हजारों लीटर साफ पानी बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी ओर आमजन को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों को लगाई फटकार, कल तक दुरुस्त होने का आश्वासन स्मार्ट सिटी के कर्मचारियों द्वारा मरम्मत कार्य में की जा रही देरी को देखते हुए पार्षद नागर स्वयं मौके पर पहुंचे और तीन घंटे तक वहीं खड़े रहकर अधिकारियों व कर्मचारियों को लगातार फोन कर तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। पार्षद की सख्ती के बाद हरकत में आए विभाग ने आश्वासन दिया है कि लीकेज को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है और आज व कल तक इस बड़ी पाइपलाइन को पूरी तरह ठीक कर दिया जाएगा।