Bihar news : संविधान दिवस पर बाबा साहेब की प्रतिमा की सफाई नहीं होने से भड़के छात्र, समाहरणालय की सड़क जाम। तीन वर्षों से लगातार उपेक्षा का लगाया आरोप, सदर-1 डीएसपी अजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे; छात्रों को समझाने का प्रयास जारी। संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा की साफ-सफाई नहीं होने से बुधवार को छात्रों का आक्रोश भड़क उठा। नाराज छात्रों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार के सामने सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया।जानकारी के अनुसार, प्रत्येक वर्ष संविधान दिवस के अवसर पर छात्र समाहरणालय के मुख्य द्वार पर स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। बुधवार को भी छात्र माल्यार्पण करने पहुंचे थे। लेकिन प्रतिमा और उसके आसपास साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं देखकर छात्र नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया।प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से लगातार संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब की प्रतिमा की समुचित साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है। छात्रों ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर भारतीय संविधान के निर्माता हैं। उनके सम्मान और संविधान की गरिमा की बातें की जाती हैं, लेकिन संविधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर उनकी प्रतिमा की उपेक्षा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि बाबा साहेब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।छात्रों की ओर से सड़क जाम किए जाने की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सदर-1 डीएसपी अजीत कुमार भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और आक्रोशित छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि, छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। वे मौके पर वरीय पदाधिकारी को बुलाने और प्रतिमा की तत्काल साफ-सफाई कराने की मांग कर रहे हैं।फिलहाल, डीएसपी छात्रों को समझाकर जाम समाप्त कराने की कोशिश में जुटे हैं। इस घटना ने संविधान दिवस पर जिला प्रशासन की तैयारियों और बाबा साहेब की प्रतिमा के रखरखाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।#ConstitutionDay #BettiahNews #BabasahebAmbedkar #DrBRAmbedkar #AmbedkarStatue #StudentProtest #BiharNews #WestChamparan #CollectorateRoad #RoadBlockade #PoliceAdministration #AjitKumarDSP #JusticeForAmbedkar #ConstitutionOfIndia #breakingnews
Bettiah, West Champaran | Nov 26, 2026