⛔ ग्रामीणों ने पंचायत को नशा मुक्त बनाने का लिया निर्णय, पकड़े जाने पर 25 हजार जुर्माना और जेल, दो पंचायतों का सामूहिक फैसला
मधेपुरा, सदर प्रखंड सहुगढ़ पंचायत-02 को आज से पूर्ण रूप से नशा मुक्त घोषित किया गया है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय सहुगढ़ के प्रांगण में मुखिया मुकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों पंचायतों के वर्तमान मुखिया, पूर्व मुखिया और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से यह फैसला लिया।
अधिवक्ता सदानंद यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, मुखिया मुकेश यादव, पूर्व मुखिया अरविंद यादव आदि ने कहा कि किसी भी प्रकार का नशा इस पंचायत में, साहुगढ़ गांव में नहीं होना है। हम लोग सभी ग्रामीण बैठे हैं, दोनों पंचायत के व्यक्ति हैं और सामूहिक निर्णय लिया गया है कि किसी भी प्रकार के नशा का सेवन नहीं किया जाएगा, ना ही बेचने दिया जाएगा। पकड़े जाने पर 25 हजार रुपया सामाजिक दंड होगा और उसको प्रशासन के हवाले किया जाएगा।
ग्रामीण प्रतिनिधि ने कहा जो वर्तमान मुखिया हैं, जो पूर्व मुखिया हैं, सभी ग्रामीण बैठकर निर्णय लिए हैं कि आज से साहुगढ़ में नशा बंद हो जाएगा। जो नशा करते या बेचते पकड़े जाएंगे उनसे 25 हजार रुपया लिया जाएगा, फिर प्रशासन को खबर कर जेल भेजा जाएगा। जेल जाने के बाद उसकी जमानत भी कोई नहीं कराएगा। मौके पर लिखित संकल्प पत्र तैयार कर सभी पंचों और ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किया। मुखिया ने कहा कि पंचायत को नशा मुक्त रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।
बता दें कि कल ही साहुगढ़ के निकट एक रिसर्च स्कॉलर युवक प्रिंस रंजन की अज्ञात अपराधियों ने ह'त्या कर दी थी, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि सूखे नशे की बढ़ती प्रवृति ऐसे नृशंस अपराध कारित करने की वजह हो सकती है।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times