हरिद्वार के बहादराबाद से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पतंजलि योगपीठ के पास सोमवार रात दुकान पर बैठे 33 साल के मिस्त्री की दो अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों बदमाश पैदल दुकान तक पहुंचे और वारदात के बाद पैदल ही फरार हो गए। इतना ही नहीं, भागते वक्त हवाई फायरिंग करने की भी बात सामने आ रही है।
मृतक की पहचान शांतरशाह निवासी हैप्पी पुत्र राजकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात हैप्पी अपनी मिस्त्री की दुकान पर बैठा था। तभी दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक बदमाश ने उसके माथे और दूसरे ने सीने में गोली मार दी। गोलियों की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
वारदात के बाद दोनों बदमाश पास की एक कॉलोनी में घुस गए और अंधेरे का फायदा उठाकर निकल गए। बताया जा रहा है कि दोनों जंगल की तरफ भागे और रास्ते में हवाई फायरिंग भी की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसपी हरिद्वार और एसपी सिटी अभय सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। घटनास्थल से दो कारतूस भी बरामद हुए हैं।
आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाके में कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन देर रात तक उनका कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
एसएसपी हरिद्वार और एसपी सिटी ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
#Haridwar #Bahadrabad #Shantarshah #PatanjaliYogpeeth #HaridwarNews #UttarakhandNews #MurderNews #MurderCase #Shooting #Firing #CrimeNews #BreakingNews #LatestNews #PoliceInvestigation #HaridwarPolice #UttarakhandPolice #CCTVFootage #PoliceCombING #CrimeInUttarakhand #HindiNews #NewsUpdate #ViralNews #HaridwarCrime #BahadrabadNews #UttarakhandCrime #CrimeAlert #NewsReel #ViralReel #TrendingNews #Justice