नॉर्थ जोन क्रिकेट में चमका भरमौर का लाल आदित्य शर्मा, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की चैंपियन टीम में निभाई अहम भूमिका।
लखनऊ में आयोजित नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में एचपीयू की पुरुष टीम ने जीता खिताब, विधायक डॉ. जनक राज सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
ओपी शर्मा, भरमौर।
जनजातीय क्षेत्र भरमौर के लिए गर्व और खुशी का विषय है कि भरमौर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खनी के गांव खलेली निवासी युवा क्रिकेट खिलाड़ी आदित्य शर्मा ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। लखनऊ में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) की पुरुष क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस विजेता टीम का हिस्सा रहे आदित्य शर्मा ने अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन से क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
आदित्य शर्मा पुत्र राकेश कुमार पत्नी सुमन कुमारी की इस उपलब्धि से भरमौर क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि दूरदराज के ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि युवाओं को उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
आदित्य की इस उपलब्धि पर भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की विजेता क्रिकेट टीम और विशेष रूप से भरमौर के होनहार खिलाड़ी आदित्य शर्मा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आदित्य भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर खेल जगत में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।
वहीं, क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने भी आदित्य की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। लोगों का कहना है कि आदित्य की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें क्रिकेट सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
गौरतलब है कि पहाड़ी क्षेत्र भरमौर में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में आदित्य शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार, बल्कि समूचे भरमौर क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। क्षेत्रवासियों ने आशा जताई है कि आदित्य आने वाले समय में भी अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर भरमौर और चंबा का नाम रोशन करेंगे।