खेत में लगाए फंदे में फंसा तेंदुआ शावक, शव जंगल में फेंकने वाले दो शिकारी पकड़े गए
अनूपपुर। वन्य जीव संरक्षक शशिधर अग्रवाल से मिली जानकारी के अनुसार, अनूपपुर वन मंडल के अहिरगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत औढ़ेरा बीट के जंगल से लगे ग्राम काचोदर के एक खेत में लगाए गए फंदे में फंसकर तेंदुआ शावक की मौत हो गई। आरोप है कि शिकारियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से मृत तेंदुआ शावक के शव को खेत से कुछ दूरी पर जंगल में फेंक दिया।
शव से दुर्गंध आने और मुखबिर से सूचना मिलने के बाद 27 अक्टूबर 2026 को वन विभाग की टीम ने औढ़ेरा बीट के कक्ष क्रमांक-1 से तेंदुआ शावक का शव बरामद किया। मामले में ग्राम काचोदर निवासी रामरतन (लगभग 63 वर्ष) और रामबहोर (लगभग 59 वर्ष) को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया गया।
वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वाड की मदद से घरों और खेतों की तलाशी ली। इस दौरान आरोपियों के घर की बाड़ी से शिकार में प्रयुक्त तार का फंदा बरामद किया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा तेंदुआ शावक के शिकार की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
28 अक्टूबर 2026 को मृत तेंदुआ शावक का शव परीक्षण कराया गया और आवश्यक सैंपल संग्रहित करने के बाद शवदाह किया गया। वन विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध वन अपराध की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है। मामले की न्यायिक विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई की विवेचना डीएफओ अनूपपुर डेविड वेंकटराव चनाप और एसडीओ राजेंद्रग्राम जसवंत सिंह मीणा के मार्गदर्शन में परिक्षेत्र अधिकारी अहिरगवां सिद्धार्थ तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा की जा रही है।
#BSP24News #Anuppur #Leopard #Wildlife #ForestDepartment
Pushparajgarh, Anuppur | Oct 29, 2026