तिरंगे में लिपटे वीर जवान को गार्ड ऑफ ऑनर, सैन्य सम्मान के साथ विनीत विश्वकर्मा को अंतिम विदाई
अनूपपुर/जैतहरी। भारतीय सेना में पदस्थ धनगवां निवासी जवान विनीत विश्वकर्मा मंगलवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। तिरंगे में लिपटे वीर जवान को जबलपुर से पहुंची सेना की 17 सदस्यीय टीम ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार, देहरादून में पदस्थ विनीत विश्वकर्मा अपने एक दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए घर लौट रहे थे। इसी दौरान छुलहा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में विनीत सहित तीन लोगों की दुखद मृत्यु हो गई। इस हादसे में विनीत के सगे भाई की भी जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मंगलवार को जबलपुर से पहुंची भारतीय सेना की 17 सदस्यीय टीम ने सैन्य परंपरा के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर दिया और बंदूकों से सलामी देकर अपने साथी को अंतिम नमन किया। इस भावुक पल में सेना के जवानों के साथ मौजूद ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों की आंखें भी नम हो गईं।
देश की सेवा में समर्पित जवान की असमय विदाई से धनगवां सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दो बेटों को खोने का दर्द हर किसी को व्यथित कर रहा है।
वीर जवान विनीत विश्वकर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि। जय हिंद! 🇮🇳
#Anuppur #IndianArmy #VineetVishwakarma #Jaitahari #BSP24News