तनोडिया के शिक्षकों ने पेश की मिसाल
अपने वेतन से 72 हजार एकत्र कर शाला का किया कायाकल्प
आगर-मालवा,5 अगस्त 2026/ शिक्षा के प्रति समर्पण और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की चिंता की अनूठी मिसाल ग्राम तनोडिया के शासकीय प्राथमिक विद्यालय नई आबादी के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रस्तुत की है।
विद्यालय के 6 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने वेतन से प्रतिमाह 1000-1000रूपये एकत्र कर एक वर्ष में कुल 72, हजार रुपए की राशि एकत्र की। इस राशि से विद्यालय में बच्चों की मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु विभिन्न कार्य करवाए गए।
शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों के बैठने हेतु 15 डेस्क उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक कक्षा में 2-2 छत पंखे लगवाए गए है। मध्यान्ह भोजन के लिए 15X45 का सीमेंट-कंक्रीट प्लेटफार्म बनाया। विद्यालय परिसर में सुंदर बगीचा एवं शाला भवन का रंग-रोगन भी कराया है।
शाला में पेयजल सुविधा के लिए 38 हजार रुपए की लागत से पानी की टंकी स्थापित की गई। विद्यालय की साफ-सफाई एवं बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु हेड टंकी की व्यवस्था की गई। साथ ही शाला की नियमित साफ सफाई के लिए एक स्वच्छता कर्मी की भी व्यवस्था विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गई है।
कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने बुधवार को शाला निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के इस जन-सहयोग एवं संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से शिक्षा की गुणवत्ता के साथ ही बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव भी बढ़ेगा और विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण भी उपलब्ध होगा।
CM Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Ujjain Commissioner
#education
#agarmalwa