गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश उत्सव पर गुरुद्वारा गांधीनगर में गूंजा गुरबाणी का अमृत स्वर
बस्ती। सिख समाज के आठवें गुरु श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश उत्सव के पावन अवसर पर गुरुद्वारा गांधीनगर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। इस अवसर पर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में सिख समाज के लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु साहिब के चरणों में श्रद्धा अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान सिख समाज के लोगों ने श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के जीवन एवं उनके महान कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि गुरु हरकिशन साहिब जी मात्र पांच वर्ष की आयु में वर्ष 1661 में गुरु गद्दी पर विराजमान हुए थे, जिसके कारण उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ ‘बाल गुरु’ के नाम से भी जाना जाता है। उनके जीवन से मानव सेवा, करुणा और त्याग की प्रेरणा मिलती है।
गुरुद्वारे में आयोजित भजन-कीर्तन के दौरान संगत ने गुरु साहिब की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर विशाल लंगर का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान सेवा, श्रद्धा और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर गुरुद्वारा गांधीनगर सिख समाज के सरदार हरबंश सिंह, सरदार प्रभु प्रीत सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, सरदार गुरनाम सिंह, सरदार रविंदर सियाल, सरदार अमर जीत सिंह बाबू, सरदार हरविंदर पाल सिंह, सरदार तिरलोचन सिंह, सरदार तेजपाल सिंह, नरेश सदाना, अमृतपाल सिंह बॉबी, हरजस सिंह, सरदार प्रभजोत सिंह, सरदार कुलविंदर सिंह जेम्स सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Basti, Basti | Aug 7, 2026