पुलिस ने किया अवैध शराब को नष्ट!! कोतवाली अगस्त्यमुनि में आबकारी अधिनियम के तहत जब्त अवैध शराब का किया गया विनष्टीकरण!! एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में लम्बित मालों के निस्तारण की कार्यवाही जारी!!
रुद्रप्रयाग। कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस द्वारा मालखाने में वर्षों से लम्बित पड़े मामलों के त्वरित विधिक निस्तारण एवं मालखाना प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई है। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में हाल ही में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी के उपरांत विभिन्न मुकदमों से संबंधित माल के निस्तारण को लेकर न्यायालय से विधिक अनुमति प्राप्त की गई थी।
मामले की संवेदनशीलता एवं विधिक प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट रुद्रप्रयाग द्वारा क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर एवं सहायक अभियोजन अधिकारी रश्मि पांडे की सदस्यता वाली एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। गठित टीम की प्रत्यक्ष उपस्थिति एवं निगरानी में बीते 24 जून 2026 को आबकारी अधिनियम के अंतर्गत जब्त की गई अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
इस दौरान सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए कोतवाली अगस्त्यमुनि में दर्ज तीन मुकदमों से संबंधित अवैध शराब को नष्ट कर लम्बित माल का निस्तारण किया गया। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 30/2024 (धारा 60 आबकारी अधिनियम), मुकदमा अपराध संख्या 45/2024 (धारा 60 आबकारी अधिनियम) तथा मुकदमा अपराध संख्या 24/2025 (धारा 60 आबकारी अधिनियम) शामिल हैं।
इन मुकदमों से संबंधित लगभग चार पेटी अवैध शराब को गठित टीम की उपस्थिति में नष्ट किया गया। इस कार्यवाही से न केवल लम्बित मालों का विधिक निस्तारण सुनिश्चित हुआ, बल्कि कोतवाली अगस्त्यमुनि के मालखाने को भी अधिक व्यवस्थित एवं सुव्यवस्थित बनाया गया।