नाला निर्माण बना लोगों की परेशानी, विरोध के बाद मौके पर पहुंचीं ईओ ने किया निरीक्षण
.
#हरदोई/बेनीगंज। आगामी बरसात में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पंचायत बेनीगंज द्वारा कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। गांधी इंटर कॉलेज सड़क मार्ग पर बन रहे नाले को लेकर मोहल्लेवासियों ने निर्माण कार्य में अनियमितता और मनमानी का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यदाई संस्था ने नाले की ऊंचाई आवश्यकता से अधिक कर दी है, जिससे आसपास के निवासियों को अपने घरों से सड़क तक आने-जाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते निर्माण में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में समस्या और बढ़ जाएगी।
मोहल्लेवासियों ने यह भी सवाल उठाया कि जिस क्षेत्र में नाले का निर्माण किया जा रहा है, वहां अधिक आबादी नहीं है और बड़े नाले की कोई विशेष आवश्यकता नहीं थी। उनके अनुसार वहां केवल नाली निर्माण पर्याप्त था, लेकिन अनावश्यक रूप से बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है। शिकायत मिलने पर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवांशी दीक्षित मौके पर पहुंचीं और निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासी राजाराम मौर्य ने बताया कि गांधी इंटर कॉलेज मार्ग रेलवे क्रॉसिंग के जरिए कई गांवों को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनावी ड्यूटी के दौरान अधिकारी-कर्मचारी तथा परीक्षाओं के समय हजारों छात्र-छात्राएं इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में सड़क का चौड़ा और सुगम बने रहना बेहद जरूरी है। वहीं अधिशासी अधिकारी देवांशी दीक्षित ने लोगों को भरोसा दिलाया कि निर्माणाधीन नाला किसी के लिए परेशानी का कारण नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यदाई संस्था से वार्ता कर आवश्यक सुधार जल्द कराया जाएगा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा / द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jun 22, 2026