चंदेश्वर चौधरी हत्याकांड: बेटे के बयान पर पांच नामजद समेत अन्य पर केस, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 24 घंटे बाद नहर से मिला शव
रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में मजदूर चंदेश्वर चौधरी की हत्या मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र दीपक चौधरी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में पांच लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध भी हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत तिवारी और उसके पुत्र चिंगारी तिवारी को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के करीब 24 घंटे बाद मुख्य आरोपी की निशानदेही पर सुरतापुर गांव के समीप नहर से चंदेश्वर चौधरी का शव बरामद किया गया। एसपी रौशन कुमार के निर्देश पर पहले नहर का जलस्तर कम कराया गया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक के पुत्र दीपक चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता अजीत तिवारी के यहां वर्षों तक मजदूरी करते थे। काम छोड़ने के बाद भी उनकी कई हजार रुपये मजदूरी बकाया थी। बकाया राशि मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके पिता की हत्या कर दी गई। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
रोहतास के पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि घटना के कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी अजीत तिवारी और उसके पुत्र चिंगारी तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया था। दोनों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में और किन लोगों की भूमिका रही तथा शव को नहर तक कैसे पहुंचाया गया।
घटना के बाद जोगिया गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी के घर और वाहनों में आग लगा दी थी। एहतियात के तौर पर गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।