कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक आयोजित
------
रूम टू रीड के तहत बारेली में तैयार होगी पठन-पाठन सामग्री
-------
कुपोषण की वास्तविक स्थिति जानने हेतु आंगनवाड़ी केंद्रों का किया जाए भौतिक निरीक्षण
बड़वानी 28 जुलाई 2026/कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टरेट सभागृह बड़वानी में समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी विभागों को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जटिल प्रक्रियाओं के स्थान पर उचित एवं सरल प्रक्रिया को अपनाते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ देने हेतु निर्देशित किया।
गुरु पूर्णिमा पर्व एवं सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक में आगामी गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा कर अधिकारियों को समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं, सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान नॉन-अटेंडेड शिकायतों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए सहायक कलेक्टर को विभागीय बैठकों में स्वयं सम्मिलित होकर प्रगति की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उप संचालक कृषि को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत कृषकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने हेतु शत-प्रतिशत पात्र किसानों का केसीसी एवं फसल बीमा पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
राजस्व विभाग अंतर्गत नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन तथा फार्मर आईडी के कार्यों में गति लाने हेतु निर्देशित किया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा को प्रतिदिन तीन मुख्य बिंदुओं:शिक्षक दैनिक पाठ योजना का पालन (प्रतिशत में), राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा पाठ्यक्रम अनुसार साप्ताहिक फॉलो-अप की स्थिति (प्रतिशत में) तथा विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे स्व-अभ्यास (इंडिपेंडेंट प्रैक्टिस) का प्रतिशत की सूक्ष्म निगरानी कर रिपोर्ट साझा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, रूम टू रीड पहल के अंतर्गत बच्चों की सहूलियत के लिए बारेली में पठन-पाठन सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अपूर्ण निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिले में कुपोषित बच्चों की स्थिति की समीक्षा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आरबीएसके के माध्यम से की गई। डाटा के सत्यापन और जमीनी स्थिति को परखने के लिए सहायक कलेक्टर को आंगनवाड़ी केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला,सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Badwani