बेरी भुरहा धाम के प्राचीन शिव मंदिर में भव्य रुद्राभिषेक, क्षेत्र की सुख-शांति के लिए हुई प्रार्थना
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बेरी के प्रसिद्ध भुरहा धाम स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार को भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बेरी के पैक्स अध्यक्ष रमेश सिंह, पंचायत समिति सदस्य अभिनव कुमार उर्फ गोलू कुमार एवं पूर्व पंचायत समिति सदस्य ज्ञानती देवी के द्वारा संयुक्त रूप से भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक कराया गया। मंदिर में पंडित अरुण पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का दुग्ध, जल, बेलपत्र और पुष्प से अभिषेक कराया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा।
गोलू सिंह ने बताया कि सावन माह के पावन अवसर पर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए इस रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया था। इस मौके पर सुमन शेखर सहित शिव भक्त मौजूद रहे। अंत में प्रसाद वितरण किया गया।