भगवान बिरसा मुंडा का गौरवशाली इतिहास जनजातीय समाज की पहचान और प्रेरणा का स्रोत - पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद श्री कुलस्ते
===
जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान के लिए सरकार प्रतिबद्ध- राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी
==
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाऍ जनजातीय समाज के गौरव और सम्मान का प्रतीक- राज्यमंत्री लखन पटेल
==
भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत- पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया
==
एक वर्ष के भीतर तेंदूखेड़ा में वीर शहीदो रघुनाथ शाह एवं शंकर शाह की प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी- सांसद श्री लोधी
==
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापना से जनजातीय समाज की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी - विधायक श्री मलैया
==
यह हमारे क्षेत्र की एक अनुकरणीय पहल- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल
==
भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा का अनावरण न केवल आदिवासी समाज, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय- श्यामा उरैती
==
बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने का किया आह्वान- श्री शिवहरे
==
आदिवासी समाज के उत्थान और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों से प्रेरणा लें- सिद्धार्थ मलैया
==
भगवान बिरसा मुंडा ने समाज को एक नई दिशा दी- सत्येंद्र सिंह
==
महादेव घाट और इमलिया घाट में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर भव्य मूर्ति का हुआ अनावरण
===
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस के तहत इमलिया घाट और महादेव घाट में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन कर उनके योगदान का स्मरण किया। कार्यक्रम में पहुंचे सभी आदिवासी भाइयों-बहनो, नागरिकों का पुष्प पंखुड़ियां से स्वागत सम्मान किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लेकर जनजातीय समाज के सम्मान और गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल की थी। यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भगवान बिरसा मुंडा जी की 151वी जयंती के अवसर पर इमलिया घाट और महादेव घाट में आयोजित भव्य मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में कही।
सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि जनजातीय समाज के महापुरुषों और उनके ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से देश में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इसी क्रम में रानी कमलापति के सम्मान में हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर रानी कमलापति रेलवे स्टेशन किया गया। ऐसे प्रयास जनजातीय समाज के गौरव, सम्मान और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम हैं।
उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण कराना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। दमोह विधायक जयंत मलैया और सांसद श्री लोधी एवं राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के प्रयासों से यह अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित हुए नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमाओं की स्थापना जनजातीय समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इससे जनजातीय समुदाय में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण है। समाज के लोग अपने महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी को श्रद्धापूर्वक याद कर रहे हैं और उनके जयकारे लगा रहे हैं, उन्होंने सभी जिलेवासियों को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा तेंदूखेड़ा में लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से भव्य शहीद स्मारक का निर्माण कराया जाएगा। इस स्मारक में महान जनजातीय वीर शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा इस पहल से तेंदूखेड़ा में जनजातीय समाज के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक केंद्र विकसित होगा, जो आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय वीरों के त्याग, बलिदान और गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएगा।
श्री लोधी ने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती (जनजाति गौरव दिवस) के पावन अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा यह बड़े ही प्रसन्नता का विषय है कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को 'जनजाति गौरव दिवस' के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास और दिव्य-भव्य रूप से मनाया गया है।
प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने कहा आज का दिन अत्यंत हर्ष और गौरव का दिन है। भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमाओं का दो प्रमुख स्थानों पर लोकार्पण होना जनजातीय समाज के सम्मान, गौरव और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती प्रदान करने वाला है।
उन्होंने इन भव्य कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही दमोह विधायक जयंत मलैया की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने दोनों ही स्थानों पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन कराया, जो सराहनीय है।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर समस्त जनजातीय भाई-बहनों को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जनजातीय गौरव दिवस के इस महापर्व की अनेकानेक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं।
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने बहुत ही कम उम्र में अंग्रेजों के आतंक और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासियों की रक्षा की, उन्हें प्रशिक्षित किया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके जीवन का यह संघर्ष हम सभी के लिए एक महान प्रेरणा का स्रोत है, उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा ने कभी किसी से हार नहीं मानी और न ही कभी भयभीत हुए, यही कारण है कि आज पूरा देश उन्हें भगवान के रूप में आदर और श्रद्धा के साथ याद करता है।
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि 14, 15 एवं 16 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह जिले के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है कि जिले में दो स्थानों पर जनजातीय समाज के आराध्य भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं का अनावरण किया जा रहा है। इनमें इमलिया घाट एवं महादेव घाट शामिल हैं।
सांसद श्री लोधी ने कहा कि संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जबेरा विधानसभा क्षेत्र में जनजातीय समाज की बड़ी संख्या को देखते हुए विशेष आयोजन करने का निर्णय लिया है। इसके तहत तीन प्रमुख आयोजन किए जाएंगे, ताकि जनजातीय समाज के बीच अधिक से अधिक पहुंचकर उनके गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को सम्मान दिया जा सके। इन आयोजनों में रानी दुर्गावती की जयंती, भगवान बिरसा मुंडा जयंती तथा तेंदूखेड़ा में रघुनाथ शाह एवं शंकर शाह की प्रतिमाओं की स्थापना शामिल है। उन्होंने कहा एक वर्ष के भीतर तेंदूखेड़ा में दोनों वीर शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कराई जाएंगी।
श्री लोधी ने कहा कि आगामी 10 वर्षों में प्रदेश सरकार संपूर्ण बुंदेलखंड में पेयजल एवं सिंचाई के लिए शत-प्रतिशत पानी पहुंचाने के लिए कार्य करेगी। उन्होंने कहा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर लगभग दो वर्ष पूर्व 44 हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली महत्वाकांक्षी केन-बेतवा लिंक परियोजना का भूमिपूजन किया गया था। इस परियोजना के माध्यम से जिले के 300 से अधिक गांवों तक पानी पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा तथा किसानों और ग्रामीणों को जल उपलब्धता का लाभ मिलेगा।
दमोह विधायक जयंत मलैया ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को जनजातीय समाज के लिए गौरव का अवसर बताया। उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा किया गया है। पिछले वर्ष जब यहां कार्यक्रम आयोजित किया गया था, उस दौरान स्थानीय लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी थी। जनजातीय समाज भगवान बिरसा मुंडा को अपने आराध्य के रूप में मानता है। समाज की इसी भावना और मांग को ध्यान में रखते हुए यहां उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।
विधायक श्री मलैया ने कहा सतधरू बांध परियोजना के माध्यम से 39 गांवों की लगभग 20 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना का कार्य वर्तमान में प्रगतिरत है। उनका अनुमान है कि जनवरी माह तक सभी 39 गांवों में शत-प्रतिशत पानी पहुंचना प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने कहा इन गांवों तक सिंचाई का पानी पहुंचने से क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर बदल जाएगी। किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी और किसान आत्मनिर्भर बन सकेंगे।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण मुख्य रूप से दो प्रमुख स्थानों इमलिया घाट और महादेव घाट पर किया गया। उन्होंने कहा यह हमारे क्षेत्र की एक अनुकरणीय पहल है, क्योकि अभी तक जिले में भगवान बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा स्थापित नहीं थी। उन्होने संस्कृति राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी और दमोह सांसद राहुल सिंह के विशेष प्रयासों की सराहना की। इस शुभ अवसर पर उन्होंने आदिवासी भाइयों सहित सभी प्रदेशवासियों को 'जय सेवा, जय जोहार' का संदेश देते हुए बधाई दी।
श्यामा उरैती ने कहा भगवान बिरसा मुंडा जी ने बहुत कम उम्र में ही अपने समाज और देश के लिए अतुलनीय योगदान दिया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने आदिवासी समाज को अपने जल, जंगल, जमीन, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा भगवान बिरसा मुंडा जी के विचार और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे। उनकी प्रतिमा का अनावरण न केवल आदिवासी समाज, बल्कि संपूर्ण समाज के लिए गौरव और सम्मान का विषय है।
श्याम शिवहरे ने जनजातीय समाज के उत्थान, सम्मान और विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन दर्शन, संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
सिद्धार्थ मलैया ने कहा आदिवासी समाज अत्यंत सरल, सच्चा और स्वाभिमानी समाज है। यह समाज कभी व्यक्तिगत सहायता या अपनी समस्याओं के समाधान के लिए किसी के पास नहीं आता। उन्होंने कहा समाज के बच्चों को भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
सत्येंद्र सिंह लोधी ने कहा कि महापुरुषों की मूर्ति स्थापित होती है उनसे हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है, भगवान बिरसा मुंडा ने समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया यहां पर हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम से भी हमें भगवान बिरसा मुंडा के बारे में बहुत कुछ जानने और सीखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक हटा उमा देवी लालचंद खटीक, भावसिह मासाब, जनपद अध्यक्ष दमोह प्रीति कमल ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य रजनी ठाकुर एवं साहिल सिंह सहित बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के नागरिक, जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।