*किसानों की फसल नुकसान, अकाल, SH-12 के गड्ढों और अवैध टोल वसूली के खिलाफ सरपंच राजू गाडरी ने SDM को सौंपा ज्ञापन*
भीलवाड़ा/शाहपुरा : राजकुमार गोयल ग्राम पंचायत ईटमारिया के सरपंच राजू गाडरी ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर उपखंड अधिकारी (SDM) शाहपुरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंगली सूअरों द्वारा फसलों को किए जा रहे नुकसान, कम वर्षा के चलते अकाल जैसी स्थिति, SH-12 हाईवे पर बने गड्ढों से आए दिन हो रहे हादसों तथा अवैध रूप से की जा रही टोल वसूली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
सरपंच राजू गाडरी ने बताया कि जंगली सूअरों के कारण किसानों की फसलें लगातार बर्बाद हो रही हैं। वहीं पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावित किसानों को राहत एवं उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
इसके साथ ही SH-12 हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई गई। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत करवाने की मांग की।
ज्ञापन में टोल वसूली की वैधता एवं नियमों की जांच करवाने तथा यदि वसूली अवैध पाई जाए तो उसे तत्काल बंद करवाने की मांग भी की गई।
सरपंच राजू गाडरी ने प्रशासन से सभी मुद्दों पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने और क्षेत्रवासियों एवं किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की।