सोलन में कल से शुरू होगी पुलिस भर्ती, 1100 महिला अभ्यर्थी लेंगी भाग : ASP रमेश शर्मा
Suneel Pahadi ✍️
सोलन। जिला सोलन में पुलिस भर्ती प्रक्रिया कल यानी 17 नवंबर से शुरू होने जा रही है। इस भर्ती में पहले दिन करीब 1100 महिला अभ्यर्थी भाग लेंगी। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला अभ्यर्थियों की भर्ती पुलिस लाइन सोलन में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होगी। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर पुलिस लाइन पहुंचें और अपना पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें।
दलालों और झांसा देने वालों से रहें सावधान
एएसपी रमेश शर्मा ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से आगाह करते हुए कहा कि भर्ती में चयन करवाने या किसी प्रकार की सहायता दिलाने का लालच देने वाले लोगों के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति भर्ती में मदद करने के नाम पर प्रलोभन देता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती प्रक्रिया 17 नवंबर से 23 नवंबर तक पुलिस लाइन सोलन में चलेगी। भर्ती के समय में किसी प्रकार का बदलाव होने पर अभ्यर्थियों को समय रहते सूचित कर दिया जाएगा।
पुलिस प्रशासन ने अभ्यर्थियों से भर्ती प्रक्रिया में समय पर पहुंचने और किसी भी तरह के प्रलोभन से बचने की अपील की है।
Pahadi News
Chamba, Chamba | Nov 17, 2026