रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का शिकंजा, पांच प्रतिष्ठानों से लिए नमूने
बनेड़ा-शाहपुरा में मिठाइयों की जांच, 20 किलो खराब चाशनी मौके पर नष्ट
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
रक्षाबंधन पर्व से पहले मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य विभाग ने जिले में कार्रवाई तेज कर दी है। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव ने बनेड़ा व शाहपुरा क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के नमूने लिए गए, जबकि मारवाड़ मिष्ठान भंडार, बनेड़ा में करीब 20 किलो खराब चाशनी मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान महाकाल स्वीट्स, बनेड़ा से बर्फी, मारवाड़ मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी, हरिओम मिष्ठान से मिल्क केक, देवनारायण मिष्ठान भंडार से सोन पपड़ी तथा शगुन फूड इवेंट, शाहपुरा से घेवर का नमूना लिया गया।
सभी पांचों नमूने जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में लगातार चलेगा अभियान
सीएमएचओ ने कहा कि रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभाग की पैनी नजर है। खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान स्वच्छता व गुणवत्ता मानकों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Bhilwara, Bhilwara | Aug 22, 2026