काराकाट में एल्युमिनियम प्लांट का भूमि पूजन, 500 लोगों को मिलेगा रोजगार
नगर पंचायत काराकाट के चिल्हा क्षेत्र में प्रस्तावित KNSG एल्युमिनियम प्राइवेट लिमिटेड प्लांट का निर्माण कार्य शुक्रवार को भूमि पूजन के साथ शुरू हो गया। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
एसडीएम ने कहा कि बीके सिंह उर्फ पिंटू सिंह की पहल से क्षेत्र में एल्युमिनियम प्लांट की स्थापना हो रही है। इससे करीब 500 लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन पर भी अंकुश लगेगा। साथ ही आसपास के बाजार, परिवहन और छोटे कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना से जुड़े बीके सिंह उर्फ पिंटू सिंह ने बताया कि फैक्ट्री स्थल पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और जल्द ही इसे गति दी जाएगी। उन्होंने बिहार के सक्षम लोगों से अपने गृह राज्य में उद्योग लगाने की अपील की।
बताया गया कि उद्योग विभाग से SIPB की स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना धरातल पर उतर रही है। मौके पर अंचलाधिकारी डॉ. रितेश कुमार, पूर्व मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष मिथलेश सिंह, अनिल कुमार सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि नारायण पासवान सहित कई लोग मौजूद रहे।