#सफलता_की_कहानी
मालनपुर का ‘यमवे’ ब्रांड फ्रोजन आलू उत्पादों के निर्यात से अर्जित कर रहा विदेशी मुद्रा
एमएसएमई प्रोत्साहन योजना से मिली न्यूरायन ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की मालनपुर इकाई की स्थापना में सहायता
इकाई में 200 से अधिक व्यक्तियों को मिला रोजगार
मध्यप्रदेश सरकार की एमएसएमई प्रोत्साहन योजना औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित हो रही है। योजना के सहयोग से भिण्ड जिले के मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित न्यूरायन ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की इकाई सफलता की नई कहानी लिख रही है। कंपनी का ‘यमवे’ ब्रांड फ्रोजन आलू उत्पादों के निर्यात से बड़े पैमाने पर विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है। यह इकाई न केवल मध्यप्रदेश को एक्सपोर्ट-ओरिएंटेड अर्थव्यवस्था के रूप में वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर रही है, बल्कि 200 से अधिक व्यक्तियों को रोजगार देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दे रही है।
न्यूरायन ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की मालनपुर स्थित इकाई की स्थापना में निवेश किए गए लगभग 70 करोड़ रुपए की 40 प्रतिशत राशि एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत स्वीकृत की गई है और इसने गत 8 माह से उत्पादन शुरू कर दिया है। इकाई में अत्याधुनिक मशीनों द्वारा संताना आलू से फ्रेंच फ्राइस, आलू टिक्की, बर्गर पैटी, पोटेटो वैजेस और फ्लेक्स जैसे फ्रोजन उत्पादों का निर्माण कर यूरोप और अरब राष्ट्रों में निर्यात किया जाता है। यह इकाई देश की बड़ी होटल श्रृंखलाओं को भी थोक आपूर्ति करती है। इकाई में गुणवत्ता के सभी मानकों का पालन किया जाता है और इसे श्रम स्टार रेटिंग पोर्टल पर 5 स्टार रेटिंग भी प्राप्त है।
इकाई के एचआर और एडमिन हेड श्री अनिल कुमार बताते हैं कि कंपनी की मालनपुर इकाई की स्थापना में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना का भरपूर सहयोग मिला है। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर की अन्य इकाइयों के सफल संचालन में भी एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अहम भूमिका निभा रही है। इस लाभकारी योजना के लिए वे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को हार्दिक धन्यवाद देते हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमएसएमई प्रोत्साहन योजना अंतर्गत पात्र एमएसएमई इकाइयों को संयंत्र, मशीनरी और भवन निर्माण में निवेश पर 40 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिलती है, महिला, अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के आवेदकों को अतिरिक्त 8 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। अधिक जानकारी के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, विकास भवन, मालनपुर से सम्पर्क किया जा सकता है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
Industry Policy & Investment Promotion Department
#SuccessStory
#भिण्ड
#Bhind