#यूपी ! वोट चोरी व वोटर लिस्ट में गड़बड़ी पर भड़की कांग्रेस, लखनऊ समेत देशभर में 'हल्ला बोल' प्रदर्शन...
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर उतरे दिग्गज, प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में राजधानी में गरजे हज़ारों कार्यकर्ता
#लखनऊ। चुनाव आयोग की निष्पक्षता, मतदाता सूचियों में धांधली और वोट चोरी के गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशव्यापी 'हल्ला बोल' प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने भारी संख्या में लामबंद होकर उग्र विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्य प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
अल्पसंख्यक सभा का दिखा मजबूत शक्ति प्रदर्शन
इस विशाल विरोध प्रदर्शन में अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब खान अपने हजारों समर्थकों के साथ अग्रिम पंक्ति में डटे नजर आए। हसीब खान के नेतृत्व में जुटे समर्थकों के बड़े हुजूम ने प्रदर्शन में खासा उत्साह भरा। पूरे दम-खम के साथ हसीब खान अपने समर्थकों और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ सड़क पर डटे रहे और सरकार व चुनाव आयोग की नीतियों के विरोध में आवाज बुलंद की।
चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची पर खड़े किए सवाल
प्रदर्शनकारी नेताओं ने मुख्य रूप से फर्जी वोटिंग, मतदाता सूची से वैध वोटरों के नाम हटाए जाने और चुनावी प्रक्रिया में कथित हेरफेर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आत्मा हैं, लेकिन मौजूदा दौर में संवैधानिक संस्थाओं के निष्पक्ष कामकाज पर सवाल उठ रहे हैं।
देश की राजनीति में मची हलचल
राजधानी लखनऊ के साथ-साथ देश के अलग-अलग राज्यों और जिलों से आई विरोध प्रदर्शन की खबरों से राजनीतिक गलियारों में भारी हलचल देखने को मिल रही है। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
#congress #haseebkhan