#Balrampur ! #उतरौला में भीषण आंधी का तांडव: दर्जनों पेड़ और बिजली के पोल गिरे, 3 दिनों से बिजली ठप; जनजीवन अस्त-व्यस्त...
#उतरौला (बलरामपुर):
क्षेत्र में आई तेज आंधी और भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के प्रचंड प्रभाव के चलते कई स्थानों पर विशालकाय वृक्ष और बिजली के पोल धराशाई हो गए, जिससे क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
पटेल नगर राजा बाजार में भारी नुकसान
तबाही का सबसे बड़ा असर मोहल्ला पटेल नगर राजा बाजार में देखने को मिला, जहाँ एक साथ तीन बिजली के पोल गिर गए, जबकि तीन से चार अन्य पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा उतरौला-बलरामपुर, डुमरियागंज, मनकापुर और गोंडा मार्ग समेत आसपास के कई ग्रामीण इलाकों में भी बड़ी संख्या में पेड़ और खंभे उखड़कर सड़कों पर आ गिरे हैं।
3 दिनों से अंधेरे में डूबने को मजबूर लोग
उतरौला और आसपास के क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से विद्युत आपूर्ति पहले से ही पूरी तरह बाधित चल रही है। अब आंधी-तूफान के कारण भारी संख्या में पेड़ों और खंभों के गिरने से बिजली संकट और अधिक गहराने की आशंका बढ़ गई है।
युद्ध स्तर पर काम करने की उठी मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्थिति को सामान्य बनाने के लिए बिजली विभाग को युद्ध स्तर पर कार्य करना होगा। ग्रामीणों व नगरवासियों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने के लिए विभागीय कर्मचारियों के साथ-साथ बाहरी मजदूरों को भी तत्काल काम पर लगाया जाए, ताकि गिरे हुए पेड़ों की कटाई और टूटे पोलों की मरम्मत का काम तेजी से निपटाया जा सके।
#balrampur #utraula