डीटीओ के नेतृत्व में सघन वाहन चेकिंग, 76 हजार रुपये जुर्माना,
शिवहर। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) अनुराग कुमार रवि के नेतृत्व में जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दर्जनों वाहनों की जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, वैध ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और पंजीकरण प्रमाणपत्र के अभाव सहित विभिन्न मामलों की जांच की गई। इसके अलावा दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल लोडिंग और निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों को भी गंभीरता से लेते हुए उनके अभिभावकों को बुलाकर चेतावनी दी गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए अभियान के दौरान कुल 76 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, बिना पंजीकरण के चल रहे कई वाहनों को मौके पर जब्त किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि ने कहा कि वाहन जांच अभियान का उद्देश्य आम लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिले में इस तरह का सघन वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।