गो-आश्रय केंद्र में दो दिन में तीन गोवंशों की मौत, तीन माह से खराब थे सीसीटीवी कैमरे
वायरल वीडियो के बाद जांच में खुली लापरवाही की पोल, पूर्व प्रधान को डीएम ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
गोंडा। गो-आश्रय केंद्रों में गोवंशों की देखरेख और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की सख्ती के बावजूद लापरवाही का मामला सामने आया है। मुजेहना विकासखंड की ग्राम पंचायत रुद्रगढ़ नौसी स्थित गो-आश्रय केंद्र में गोवंश की खाल उतारे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद कराई गई जांच में कई गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। केंद्र में तीन माह से सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े थे। वहीं, दो दिनों के भीतर तीन गोवंशों की मौत होने का मामला भी सामने आया है। इस पर जिलाधिकारी एवं नियत प्राधिकारी प्रियंका निरंजन ने निवर्तमान ग्राम प्रधान/प्रशासक नाजिया फातिमा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिलाधिकारी की ओर से 13 नवंबर को जारी नोटिस के मुताबिक, मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय पत्र और संयुक्त जांच आख्या के आधार पर मामले की स्थानीय स्तर पर जांच कराई गई थी। जांच में अभिलेखों के अनुसार 29 अक्तूबर को गो-आश्रय केंद्र में कुल 156 गोवंश दर्ज थे। 30 अक्तूबर को दो गोवंशों की मौत के बाद इनकी संख्या 154 रह गई। एक नवंबर को एक और गोवंश की मौत होने के बाद दो नवंबर को केंद्र में 153 गोवंश पाए गए।जांच के दौरान मौके पर प्रधान पति और सचिव ने वायरल वीडियो में दिखाए गए गोवंश के गो-आश्रय केंद्र रुद्रगढ़ नौसी का ही होने की पुष्टि की। इसके अलावा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खराब मिले। बताया गया कि ये कैमरे पिछले तीन माह से खराब पड़े थे, जबकि शासन के निर्देशानुसार गो-आश्रय केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और उनके माध्यम से सतत निगरानी की व्यवस्था अनिवार्य है। जांच अधिकारियों ने माना कि यदि केंद्र पर गोवंशों की नियमित निगरानी होती तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। रिपोर्ट में निवर्तमान प्रधान/प्रशासक नाजिया फातिमा, सचिव रमेश कुमार और पशुधन प्रसार अधिकारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। मामले में जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
Gonda, Gonda | Nov 14, 2026