-#IPS सौम्या सांबशिवन का नशे पर प्रहार, मैक्लोडगंज के धर्मकोट के EDM हॉस्टल में रेव पार्टी का भंडाफोड़...
-#ब्राइट #न्यूज #धर्मशाला
-#हिमाचल प्रदेश में मैक्लोडगंज की पहाड़ियों में पर्यटन और संगीत की आड़ में कथित रेव पार्टियों पर कांगड़ा पुलिस (Kangra Police) ने एक बार फिर बड़ा प्रहार किया है।राज्य की तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी और डीआईजी ( नार्थ रेंज) सौम्या सांबशिवन के नेतृत्व में पुलिस ने अपर धर्मकोट स्थित ईडीएम हॉस्टल( EDM hostel) में आधी रात के बाद दबिश देकर रेव पार्टी का पर्दाफश किया। कार्रवाई के दौरान मौके से चिट्टा, अफीम, चरस और गांजा बरामद हुआ। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पर्यटन स्थलों पर नशे और गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-#कांगड़ा पुलिस के अनुसार, 13 और 14 सितंबर 2026 की दरमियानी रात विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना मैक्लोडगंज की टीम ने अपर धर्मकोट स्थित ईडीएमहॉस्टल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने 0.95 ग्राम चिट्टा, 3.7 ग्राम अफीम, 1.33 ग्राम चरस और 1.54 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के सिलसिले में 15 लोगों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।
-#मामले में पुलिस थाना मैक्लोडगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आमिर खान, निवासी मध्य प्रदेश, और राधेश रंजन पजोरिया, निवासी चित्तौड़गढ़, राजस्थान को आरोपी बनाया है। राधेश रंजन पजोरिया को हॉस्टल का संचालक बताया गया है।
-#प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने आया है कि हॉस्टल के परिसर में 13 और 14 सितंबर को कथित तौर पर रेव पार्टी आयोजित की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, इन पार्टियों का प्रचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और बंद ऑनलाइन ग्रुप्स के माध्यम से किया जा रहा था। जांच टीम ने प्रचार से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों का सत्यापन और आगे की जांच जारी है।
-#इस पूरी कार्रवाई में डीआईजी सौम्या सांबशिवन के साथ एडिशनल एसपी कांगड़ा संजीव चौहान, डीएसपी अनिल ठाकुर, एसएचओ मैक्लोडगंज संजय कुमार के अलावा करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही। पुलिस बल ने पूरे परिसर को घेरकर कार्रवाई की, ताकि संदिग्धों के भागने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ की किसी भी संभावना को रोका जा सके।
-#धर्मकोट और मैक्लोडगंज क्षेत्र में रेव पार्टियों के खिलाफ यह कांगड़ा पुलिस की लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले 23 अगस्त को अपर भागसूनाग स्थित जंगल कॉलिंग कैफे में पुलिस ने दबिश दी थी। उस कार्रवाई में 1.25 ग्राम चिट्टा, 25.94 ग्राम चरस, 5.35 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री और बीयर के 19 कैन बरामद किए गए थे। मामले में कैफे संचालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस जांच में भी सोशल मीडिया और बंद ऑनलाइन ग्रुप्स के जरिए पार्टी के प्रचार की बात सामने आई थी।
-#लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस की नजर अब केवल नशे के छोटे सप्लायरों तक सीमित नहीं है। पुलिस उन कैफे, हॉस्टल, होटल और अन्य प्रतिष्ठानों की भूमिका भी जांच रही है, जहां पर्यटन या संगीत कार्यक्रमों की आड़ में नशे और गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा दिए जाने की आशंका है।
-#डीआईजी_सौम्या_सांबशिवन का कहना है कि नशीले पदार्थों के कब्जे, सप्लाई, वितरण और सेवन से जुड़े मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही ऐसे लोगों और प्रतिष्ठानों पर भी शिकंजा कसा जाएगा, जो नशे से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं।
-#बता दे कि मैक्लोडगंज और धर्मकोट अंतराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अंकित हैं। पुलिस का उद्देश्य इन इलाकों की पर्यटन पहचान को बनाए रखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कांगड़ा पुलिस की ताजा कार्रवाई ने यह संदेश जरूर दे दिया है कि रेव पार्टी, नशे का कारोबार या सोशल मीडिया के जरिए प्रचार करने वाले बच नहीं पाएगा।