बज्र गृह व परीक्षा भवन के लिए एसएस कॉलेज की भूमि उपयुक्त, एनओसी लेने का निर्देश
जहानाबाद : जिले में बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में भूमि उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मगध विश्वविद्यालय और एसएस कॉलेज, जहानाबाद के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण के लिए करीब एक से डेढ़ एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए पूर्व में मगध विश्वविद्यालय और एसएस कॉलेज से भूमि उपलब्ध कराने के साथ अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने को कहा गया था। एनओसी नहीं मिलने के कारण निर्माण से संबंधित प्रस्ताव अब तक बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को नहीं भेजा जा सका है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से एसएस कॉलेज, जहानाबाद में उपलब्ध भूमि को बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता और जिला शिक्षा पदाधिकारी को मगध विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं एसएस कॉलेज के प्राचार्य से समन्वय स्थापित कर जल्द एनओसी प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनओसी मिलने के बाद प्रस्ताव को शीघ्र बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को भेजकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजस्व शाखा प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।