'सबका सम्मान, जीवन आसान' कार्यक्रम के तहत जिला पदाधिकारी ने सुनी आमजनों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
सहरसा, 17 जुलाई।
जिलाधिकारी सहरसा श्री दीपेश कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में "सेवा-संवाद-समाधान अनुसरण प्रणाली" के अंतर्गत आयोजित "सबका सम्मान, जीवन आसान" कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं तक सहज एवं सरल पहुंच उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा प्रशासन एवं जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को और सुदृढ़ बनाना है। कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से आए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसी क्रम में जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालय कक्ष में आमजन की समस्याओं की सुनवाई कर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की। आज आयोजित जनसंवाद में कुल 27 आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्राप्त आवेदनों में मुख्य रूप से भूमि विवाद एवं अन्य प्रशासनिक विषयों से संबंधित मामले शामिल थे। सुनवाई के दौरान श्री ज्ञानेंद्र प्रसाद यादव (पतरघट), श्री शंकर मेहता (रघुनाथपुर), श्रीमती कौशीला देवी (कहरा), श्री लक्ष्मण राम एवं अन्य ग्रामीण, श्री रणबीर कुमार (सलखुआ), श्री महेश्वर भगत सहित अन्य आवेदकों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों के सम्यक एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी पतरघट, अंचलाधिकारी सोनवर्षा, भूमि सुधार उप समाहर्ता सदर, सहरसा तथा अन्य संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री दीपेश कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, संवेदनशील एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्ता (वि० जांच) श्री गणेश कुमार, स्थापना उप समाहर्ता श्री अभिनव भास्कर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।