मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न, नए कोचिंग केंद्र और लाइब्रेरी स्थापना पर जोर
हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के प्रभावी संचालन एवं शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में यूपीएससी एवं यूपीपीसीएस की कोचिंग सी.एस.एन. महाविद्यालय तथा नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस एवं एसएससी की कोचिंग राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई में संचालित की जा रही है। वर्तमान सत्र में यूपीएससी/यूपीपीसीएस के लिए 141, नीट/जेईई के लिए 43 तथा एनडीए/सीडीएस/एसएससी के लिए 101 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने शासनादेश के अनुरूप योग्य एवं अनुभवी अतिथि प्रवक्ताओं तथा छात्र-छात्राओं का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों से साप्ताहिक फीडबैक लेने, अतिथि प्रवक्ताओं का 15-15 दिन का रोस्टर तैयार करने, शिक्षकों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक कक्षाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के क्लास नोट्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सण्डीला एवं मल्लावां क्षेत्र में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुरूप नए कोचिंग केंद्र स्थापित करने तथा अभ्युदय योजना के अंतर्गत नई लाइब्रेरी की स्थापना के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव शीघ्र भेजने पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का अधिकतम लाभ पात्र छात्र-छात्राओं तक पहुंचाने के लिए समन्वित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, डायट प्राचार्य, सी.एस.एन. महाविद्यालय के प्राचार्य, उपजिलाधिकारी सदर एवं सवायजपुर, जिला समाज कल्याण अधिकारी, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, कोर्स को-ऑर्डिनेटर तथा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Jun 29, 2026