डिजिटल हिमाचल की दिशा में पांगी घाटी से प्रेरणादायक पहल
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
पांगी, चम्बा 11 जून
जिला चम्बा के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र पांगी के शिक्षा खंड के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुलाल में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली। विद्यालय के अध्यापक सुरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को आभासी माध्यम से हिमाचल प्रदेश के पूर्व उप शिक्षा निदेशक बलवीर सिंह (सेवानिवृत्त) से जोड़कर एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
लगभग 40 मिनट तक चले इस डिजिटल संवाद में श्री बलवीर सिंह ने प्रत्येक छात्र-छात्रा से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया तथा पहाड़ों, सामान्य ज्ञान और हिन्दी-अंग्रेजी पठन-पाठन से संबंधित प्रश्न पूछे। संवाद के दौरान उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि "पुस्तकें ज्ञान देती हैं, पर प्रकृति संस्कार देती है।"
उन्होंने पांगी घाटी की जैव विविधता, वन संरक्षण, जल स्रोतों और पर्यावरण संतुलन से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों से चर्चा की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पांगी की प्राकृतिक धरोहर, देवदार एवं भोजपत्र के वनों, हिमालयी जड़ी-बूटियों तथा स्थानीय जल स्रोतों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।
पूर्व उप शिक्षा निदेशक ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि "आप पांगी की धरती से ही देश के बड़े अधिकारी बनेंगे। स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति प्रेम को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाइए।"
संवाद के अंत में विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से "भारत माता की जय" और "जय हिमाचल" के उद्घोष लगाए। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने श्री बलवीर सिंह का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें विद्यालय आने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
यह पहल दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी अनुभवी शिक्षाविदों से जोड़कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रेरणा प्रदान की जा सकती है। डिजिटल हिमाचल के सपने को साकार करने की दिशा में यह एक अनुकरणीय प्रयास है। :::
Pangi Administration DC Chamba
#DigitalHimachal #PangiValley #Education #Chamba #BalveerSingh #SurenderSharma #GovernmentSchoolKulal #DigitalLearning #HimachalPradesh
Chamba, Chamba | Jun 11, 2026