फेसबुक पर हुआ प्यार: पति ने 17 साल पुराना रिश्ता तोड़कर पत्नी की प्रेमी के साथ कराई शादी, फिर दिल्ली के लिए किया विदा
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मिश्रिख क्षेत्र से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी रजामंदी से अपनी पत्नी की शादी उसके फेसबुक प्रेमी के साथ करवा दी। इस घटना की क्षेत्र में खासी चर्चा हो रही है।
पति विपिन भारद्वाज के अनुसार, उनकी शादी 12 मार्च 2009 को हुई थी और उनके दो बेटे (लगभग 16 और 14 वर्ष के) हैं। विपिन की पत्नी की दोस्ती फेसबुक के माध्यम से अंबेडकरनगर के रहने वाले राहुल उपाध्याय से हो गई थी।
विपिन ने बताया कि उनकी पत्नी करीब 22 दिन पहले बिना बताए घर से चली गई थी। काफी समझाने-बुझाने के बाद जब वह वापस लौटी, तो उसने अपने प्रेमी राहुल के साथ ही रहने की जिद की। पत्नी की जिद और लगातार यही रट लगाने के बाद, पति विपिन ने बड़ा दिल दिखाते हुए उसका रिश्ता स्वीकार कर लिया।
मामले को सुलझाते हुए पति ने मिश्रिख तहसील में कागजी और कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद तहसील के पीछे स्थित हनुमान मंदिर में दोनों की शादी की रस्में पूरी कराई गईं और पत्नी को माला पहनाकर विदा किया गया।
विपिन ने बताया कि इस दौरान प्रेमी पक्ष से राहुल के साथ एक वकील और कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे। शादी की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रेमी और पत्नी गाड़ी में बैठकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। पति विपिन ने स्पष्ट किया कि अब उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है और वह अपने बच्चों के साथ अपने घर पर खुश हैं।
Hardoi, Hardoi | Oct 21, 2026